भारत की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन रवाना, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी; ग्रीन रेलवे युग की ऐतिहासिक शुरुआत
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
18 जुलाई 2026
नई दिल्ली/जींद। भारत ने स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद–सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर चलेगी और भारतीय रेलवे के ग्रीन मोबिलिटी मिशन को नई गति देगी।
‘मेक इन इंडिया’ के तहत विकसित यह हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित ट्रेन 10 आधुनिक कोचों से लैस है। इसमें लगभग 2,600 यात्री सफर कर सकते हैं और यह 3,200 हॉर्स पावर की क्षमता के साथ 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम है।
हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से चलने वाली इस ट्रेन से केवल जलवाष्प का उत्सर्जन होता है, जिससे कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य रहता है। विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीक भारत के नेट-जीरो कार्बन लक्ष्य और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
भारतीय रेलवे की यह पहल न केवल स्वदेशी तकनीक की सफलता का प्रतीक है, बल्कि भविष्य में हरित, आधुनिक और टिकाऊ रेल नेटवर्क विकसित करने की दिशा में भी एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।






