कांवड़ यात्रा 2026: शामली में 14 दिन बंद रहेंगी मीट-नॉनवेज की दुकानें, DJ और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन के सख्त नियम
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
शामली (उत्तर प्रदेश) | 22 जुलाई 2026
कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शामली प्रशासन ने बड़े फैसले लिए हैं। प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट, मछली, अंडा और सभी नॉनवेज होटल 30 जुलाई से 12 अगस्त तक लगातार 14 दिनों के लिए बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं।
नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन ने फव्वारा चौक, आजाद चौक, एमएसके रोड तथा पूर्वी यमुना नहर तक पड़ने वाले कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित दुकानदारों को नोटिस सौंप दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे संचालन, ध्वनि स्तर, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाना है।






