कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा जनुसनवाई के दौरान विभिन्न समस्या संबंधी आवेदनों का किया निराकरण
गुना 22 अप्रैल 2025
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता संदेश कुमार झा
जिला कलेक्ट्रेट में आज जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा विभिन्न नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को जाना एवं उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। आज इस दौरान नागरिकों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 208 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, संयुक्त कलेक्टर श्री संजीव खेमरिया, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती जिया फातिमा एवं सुश्री मंजुषा खत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रेडक्रॉस के माध्यम से 04 आवेदकों को 40 हजार रूपये प्रदान की आर्थिक सहायता
आज आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री कन्याल ने विभिन्न आवेदकों को आर्थिक सहायता राशि से संबंधित चैक वितरित किये। इस दौरान आवेदक श्री चरणसिंह पुत्र गंगाराम अहिरवार निवासी ग्राम पिपरिया को पेट की बीमारी के इलाज के लिए, श्री रामभरोसा कोरी पुत्र पूरनचन्द कोरी को बीमारी उपचार के लिये, भूरिया आदिवासी निवासी ग्राम हिनोतिया को बेटी के इलाज के लिये तथा श्री नेपाल सिंह रजक पुत्र निरपत रजक निवासी ग्राम विनायक खेड़ी को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये के मान से कुल 40 हजार रूपये के आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किये।
जनसुनवाई में नागरिकों को प्रदान की जा रही हैं स्वास्थ्य एवं आधार कार्ड संबंधी सुविधाएं
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने, नेत्र परीक्षण, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की जानकारी और आधार कार्ड हेल्प डेस्क लगाई गई, जिनका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया। यह सुविधा प्रति मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान नागरिकों के लिए उपलब्ध करायी गई हैं।









