कश्मीर में हुए नरसंहार के विरोध में गुना में हिन्दू समाज की रैली, निकाली आतंकवाद की अर्थी प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता राजीव विजयवर्गीय
गुना (द्वारका न्यूज़)| कश्मीर के पहलगाम में हुए हिन्दुओं के सामूहिक नरसंहार ने सम्पूर्ण राष्ट्र को झकझोर दिया है। धर्म पूछकर की गई इस नृशंस हत्या के विरोध में गुना जिले के सकल हिन्दू समाज द्वारा आज शुक्रवार को एक विशाल विरोध रैली निकाली गई। हिन्दू समाज ने इसे आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का प्रतीक बताया। यह रैली शाम 5 बजे हनुमान चौराहे से शुरू हुई, जो हाट रोड, रपटा, नीचला बाजार, सदर बाजार, सुगन चौराहा, लक्ष्मीगंज होते हुए शास्त्री पार्क तक पहुंची। रैली के दौरान लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ गहरा आक्रोश प्रकट किया। युवाओं ने आतंकवाद की अर्थी उठाकर विरोध दर्ज कराया, जो रैली का प्रमुख आकर्षण रही।
शास्त्री पार्क पर रैली का समापन एक प्रतीकात्मक पुतला दहन के साथ हुआ, जिसे ‘आतंकवाद का अंतिम संस्कार’ नाम दिया गया। इस दौरान कश्मीर में मारे गए हिन्दू श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया गया। सकल हिन्दू समाज ने इस आयोजन को पूर्णत: गैर-राजनीतिक बताते हुए कहा कि यह रैली हिन्दू समाज की जागरूकता और एकता का परिचायक है। समाज का कहना है कि अब देश के बहुसंख्यक वर्ग की सहनशीलता को कमजोरी समझना भारी पड़ेगा। उन्होंने सरकार से आतंकियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
रैली के चलते सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। एसडीएम शिवानी पांडे, सीएसपी भरत नोटिया, एसडीओपी विवेक आष्ठाना, कैंट थाना, कोतवाली थाना सहित जिले के विभिन्न थानों का पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा। प्रशासन ने पूरी रैली को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए थे।









