EXCLUSIVE | गुना में नशा मुक्ति अभियान पर सवाल: मंदिर, गुरुद्वारा और स्कूल के पास शराब दुकान, जयस्तंभ चौराहे पर खुलेआम छलक रहे जाम
द्वारका न्यूज़ 2 अगस्त 2026
गुना। एक ओर सरकार और प्रशासन नशा मुक्ति अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के सबसे व्यस्त जयस्तंभ चौराहे पर शराब दुकान के बाहर खुलेआम शराबखोरी का नजारा देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुरुद्वारा, पशुपतिनाथ मंदिर, आर्य समाज स्कूल और उत्कृष्ट विद्यालय के नजदीक संचालित शराब दुकान से क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के कारण महिलाओं, छात्र-छात्राओं और श्रद्धालुओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से तत्काल कार्रवाई कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर सख्ती से रोक लगाने और संबंधित शराब दुकान की वैधता की जांच कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: विक्रम सिंह तोमर





