MP बस किराया वृद्धि : 5 साल बाद बड़ा झटका, मध्य प्रदेश में बस किराया 75% तक महंगा, 100 KM सफर अब ₹200 तक
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
7 अगस्त 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में यात्रियों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। राज्य सरकार ने करीब पांच साल बाद यात्री बसों के किराए में 60% से 75% तक की बढ़ोतरी कर दी है। परिवहन विभाग द्वारा जारी नए राजपत्र नोटिफिकेशन के अनुसार अब साधारण बस का किराया ₹1.25 प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर ₹2.00 प्रति किलोमीटर कर दिया गया है, जबकि न्यूनतम किराया ₹7 से बढ़ाकर ₹10 कर दिया गया है। नई दरों के तहत नाइट सर्विस, नॉन-एसी डीलक्स, स्लीपर, एसी डीलक्स और सुपर लग्जरी एसी कोच के किराए भी अलग-अलग श्रेणियों में बढ़ाए गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। उदाहरण के तौर पर, 100 किलोमीटर का सफर जो पहले लगभग ₹125 में पूरा होता था, अब करीब ₹200 तक पहुंच जाएगा। हालांकि राहत की बात यह है कि स्थानीय स्तर पर संचालित सिटी बसों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परिवहन विभाग का कहना है कि बढ़ती परिचालन लागत को देखते हुए यह संशोधन किया गया है।





