गुना में रेलवे ट्रैक पर कोर्ट कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका से जांच तेज, पुलिस ने किया मामला दर्ज
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
11 अगस्त 2026

गुना। कैंट थाना क्षेत्र में नजूल रेलवे पटरी के पास सोमवार को गुना कोर्ट में पदस्थ कर्मचारी अरविंद कुमार पांडे (48) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। अरविंद पटेल नगर कैंट निवासी थे और जिला न्यायालय में भृत्य (चपरासी) के पद पर कार्यरत थे। परिजनों को शुरुआती सूचना ट्रेन हादसे में मौत के रूप में दी गई थी, लेकिन शव की स्थिति को लेकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के मुताबिक मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों और कपड़ों पर ट्रेन की चपेट में आने जैसे स्पष्ट निशान नहीं दिखाई दिए। मृतक के चाचा लल्लन पांडे ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पत्नी ने भी बताया कि हाल ही में अरविंद का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था।
कैंट थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।





