Offline
Online
Viewers 0

गुना में तुलसी जयंती पर 70 प्रतिभाओं का सम्मान, सर्व सनातन समाज के विद्यार्थियों को मिला मंच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुना में तुलसी जयंती पर 70 प्रतिभाओं का सम्मान, सर्व सनातन समाज के विद्यार्थियों को मिला मंच

 द्वारका न्यूज़

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

20 अगस्त 2026 

 

 

जिला सनाढ्य सभा की अनूठी पहल: शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं सम्मानित

 

गुना। जिला सनाढ्य सभा गुना द्वारा गोस्वामी तुलसीदास जयंती एवं त्रिदिवसीय प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। इंजीनियर एस.के. राजोरिया के नेतृत्व में आयोजित समारोह में सर्व सनातन समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि व्यवहार न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना की सचिव श्रीमती वंदना त्रिपाठी रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला विधिक सहायता अधिकारी सर्वेश चतुर्वेदी ने की। समाज की ओर से श्री शिवचरणलाल शर्मा मंचासीन रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं गोस्वामी तुलसीदास जी के पूजन तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। आयोजकों ने बताया कि मध्यप्रदेश की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रवीण्य सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों के साथ 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले ब्राह्मण समाज के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

 

गुना के अलावा आरोन, राघोगढ़, कुंभराज, म्याना, रामपुर कॉलोनी और फतेहगढ़ के विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला। शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और खेल के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा उनके प्रशिक्षकों सहित कुल 70 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

 

इंजीनियर एस.के. राजोरिया ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में सामाजिक समरसता की भावना विकसित करना और समाज में मौजूद विसंगतियों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज तक सीमित नहीं होती, इसलिए सभी समाजों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को मंच देना जरूरी है।

 

पं. लखनलाल शास्त्री ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रामचरितमानस प्रश्नोत्तरी के माध्यम से मानस के प्रभावों पर प्रकाश डाला। महासचिव शिवदयाल शर्मा ने कहा कि श्रीरामचरितमानस त्याग, सामाजिक चेतना, कुशल संगठन, दृढ़ निश्चय और परोपकार की प्रेरणा देने वाला ग्रंथ है। उन्होंने विज्ञान आधारित जागरूक समाज के निर्माण और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने कहा कि रामचरितमानस समाज को जागृत करने और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मेहनत और लगन के साथ अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाते रहें। सर्वेश चतुर्वेदी ने भी जिला सनाढ्य सभा के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजन जारी रखने का आह्वान किया।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रीमती सीमा शर्मा, पलक शर्मा और वर्षा शर्मा ने सावन के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। श्रीमती शारदा शर्मा, शिल्पा शर्मा और श्वेता चतुर्वेदी ने गायन से समां बांधा। तन्या शर्मा ने श्रीरामचरितमानस के माध्यम से वर्तमान समय में तनाव दूर करने के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

 

कार्यक्रम के कोषाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर बाहर से आए कवियों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

 

इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. ओ.पी. बिरथरे, उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, संयुक्त सचिव दिनेश शर्मा, अभिषेक शर्मा, हितवल्लभ शुक्ला, अवस्थी जी, अनिल शर्मा गेल, महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती आशा शर्मा, सचिव श्रीमती चिंतामणि शर्मा, हेमलता बिरथरे, श्रीमती सपना शर्मा, युवा अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें