संस्कृति की पहचान बनाए रखते हुए लक्ष्य हासिल करें बच्चे: कलेक्टर कन्याल
द्वारका न्यूज़ | गुना | 21 अगस्त 2026

गुना। जनपद पंचायत आरोन के ग्राम सेमराखेड़ा स्थित राजा शंकरशाह-रघुनाथशाह बालक छात्रावास का कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने निरीक्षण किया। छात्रावास पहुंचने पर बच्चों ने गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत किया। कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई, खेल, रुचियों और भविष्य के सपनों को लेकर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने लक्ष्य को पूरे मन और लगन से हासिल करें, लेकिन पढ़ाई के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं की पहचान को भी बनाए रखें। बच्चों ने पारंपरिक गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की। उन्होंने अपनी भाषा-बोली, खानपान, लोकनृत्य और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने छात्रावास के किचन और भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। अधिकारियों को बच्चों को अस्पताल, ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराने के निर्देश दिए। अंत में बच्चों को ड्रेस एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम सुश्री मंजुशा खत्री सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









