गुना में महिला जनप्रतिनिधियों के लिए कुर्सी तक नहीं! मंच से चांचौड़ा विधायक प्रियंका पैंची ने जताई नाराजगी
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
22/08/2026

गुना। श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब कार्यक्रम की प्रमुख अतिथि चांचौड़ा विधायक प्रियंका मीना पैंची और नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी। मामला सामने आने के बाद विधायक ने मंच से ही नाराजगी जताते हुए महिलाओं के सम्मान और सहभागिता को लेकर सवाल उठाए।
मंच से बोलीं विधायक—महिलाओं को 33% आरक्षण, फिर बैठने के लिए कुर्सी क्यों नहीं?
कार्यक्रम में पहुंचने के बाद विधायक प्रियंका मीना पैंची ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया है, लेकिन कार्यक्रम में महिला जनप्रतिनिधियों के बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं होना चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी को नीचा दिखाना नहीं है, लेकिन कार्यक्रम में जो स्थिति बनी, उसे सभी ने देखा। विधायक ने कहा कि यदि महिलाओं और महिला जनप्रतिनिधियों को आगे स्थान दिया जाए तो कार्यक्रम की तस्वीर और बेहतर दिखाई देगी।
विधायक ने यह भी कहा कि एक महिला विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष को बैठने के लिए जगह नहीं मिलने पर किस तरह की स्थिति बनी होगी, इसका अंदाजा उपस्थित लोग स्वयं लगा सकते हैं।
कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना घटनाक्रम
महिला जनप्रतिनिधियों के लिए बैठने की व्यवस्था को लेकर विधायक की नाराजगी कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बन गई। उनके बयान ने कार्यक्रमों में महिला जनप्रतिनिधियों की गरिमा, सम्मान और सहभागिता को लेकर एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा कर दिया।









