बीनागंज में तेल से भरा टैंकर पलटा, बाल्टी-केन लेकर उमड़ी भीड़; सड़क पर बहते रिफाइंड ऑयल को लूटने की मची होड़
द्वारका न्यूज़ | गुना

गुना। चांचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र में वेयरहाउस के पास रिफाइंड ऑयल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में रिफाइंड तेल सड़क और आसपास की नालियों में बहने लगा। तेल बहने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर बाल्टी, डिब्बे, केन और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए।
लोग सड़क पर बह रहे तेल को बर्तनों में भरते नजर आए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसे लेकर चुटकी लेते हुए कहा कि इस बार सावन अच्छे से मन जाएगा। हालांकि, पलटे हुए टैंकर और बहते तेल के बीच लोगों की भीड़ जुटने से हादसे का खतरा भी बना रहा।
सूचना मिलते ही बीनागंज पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाने और तेल एकत्र कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक ग्रामीण मौके से हटने को तैयार नहीं हुए।
बाद में पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया गया और सड़क पर यातायात व्यवस्था बहाल की गई। घटना में किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। टैंकर पलटने के कारणों की जांच की जा रही है।









