गुना में मवेशी चोरी का बड़ा खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख की चार भैंसें बरामद
द्वारका
न्यूज प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
23 अगस्त 2026

गुना। बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने मवेशी चोरी के मामले का चंद दिनों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपये कीमत की चोरी गई चारों भैंसें भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त को ग्राम छीपोन निवासी 60 वर्षीय जगदीश जाट अपनी 10 भैंसों को गेडावर्रा-ढुरढुरु के जंगल में चराने ले गए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति चार भैंसों को हांककर ले गए। शिकायत पर बजरंगगढ़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जंगलों में सघन सर्चिंग के बाद 21 अगस्त को सर्वेश गुर्जर (27), मुकेश गुर्जर (29) और डालचंद गुर्जर (31), निवासी ग्राम खेरा, थाना राघौगढ़ को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चारों भैंसें बरामद कर ली गईं।









