इंदौर में बेकाबू इनोवा का कहर: 4 दोपहिया और ट्रैक्टर को मारी टक्कर, 5 घायल; वृद्ध की हालत गंभीर
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
27 अगस्त 2026
इंदौर। राऊ क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार इनोवा वाहन ने जमकर कहर बरपाया। बेकाबू कार ने एक के बाद एक चार दोपहिया वाहनों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे पांच लोग घायल हो गए। हादसे में एक वृद्ध की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनके सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनोवा की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क पर आगे बढ़ते हुए लगातार दोपहिया वाहनों को चपेट में लेता गया। आखिरकार ट्रैक्टर से टकराने के बाद वाहन रुक गया। टक्कर में चालक को भी चोट आई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस को भी सूचना दी गई, जबकि पुलिस के वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसे के समय चालक नशे में था या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारण राऊ क्षेत्र में कुछ समय के लिए मौके पर भीड़ और यातायात का दबाव भी बना रहा।









