सागर में जहरीली शराब का कहर: 14 मौतों से मचा हड़कंप, 5 गंभीर मरीज BMC रेफर; बंडा में भारी पुलिस बल तैनात
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
5 सितंबर 2026
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार रात अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में पांच मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC), सागर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित वरिष्ठ अधिकारी तत्काल बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों और मृतकों की स्थिति की जानकारी ली तथा पूरे मामले की जांच शुरू कराई।
मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित तौर पर जहरीली शराब कहां से आई और इसे किसने उपलब्ध कराया।
घटना के बाद बंडा में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। घटना के वास्तविक कारण और शराब में जहरीले पदार्थ की पुष्टि जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।









