कुंभराज में नाबालिग अपहरण-दुष्कर्म मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, फरार भाई-भाभी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी समेत 7 आरोपी जेल भेजे जा चुके, दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना | 7 सितंबर 2026

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो सह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है।
गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में कुंभराज पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को नाबालिग बालिका के लापता होने की शिकायत कुंभराज थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 67/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 28 जुलाई 2026 को राजस्थान के फलौदी से बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया गया।
पीड़िता के बयानों एवं पुलिस जांच के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं का इजाफा किया गया। पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी सहित उसके चार सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
दो फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा
7 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुंभराज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनू अहिरवार (32) और उसकी पत्नी वर्षा अहिरवार (25) को गिरफ्तार किया। दोनों ग्राम पीपल्या सिंगनपुर, थाना कुंभराज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। विधिवत कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में कुंभराज थाना प्रभारी उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, सउनि रेखा नामदेव, आरक्षक दिलीप धाकड़ एवं आरक्षक दिलीप साहू की विशेष भूमिका रही।









