मंच पर बुलाने पहुंचे सांसद, फिर भी नहीं गईं इमरती देवी
बोलीं—‘मैं अपनी मर्जी की मालिक हूं, मंच पर मर्डर करने वालों के साथ जाने का क्या मतलब?’
डबरा/ग्वालियर। भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री इमरती देवी एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में हैं। डबरा में आयोजित भाजपा के एक कार्यक्रम में इमरती देवी मंच पर जाने के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच बैठी रहीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह स्वयं मंच से नीचे आए और इमरती देवी को मंच पर आने के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, इमरती देवी ने मंच पर जाने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट अंदाज में कहा कि “मैं अपनी मर्जी की मालिक हूं।”
इसी दौरान मंच पर मौजूद कुछ लोगों को लेकर इमरती देवी ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा— “मंच पर मर्डर करने वाले, ऐसे लोगों के साथ जावै को का मतलब।” उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई।
सांसद के बुलाने पर भी नहीं बदला फैसला
भारत सिंह कुशवाह के व्यक्तिगत रूप से बुलाने के बावजूद इमरती देवी कार्यकर्ताओं के बीच ही बैठी रहीं। उनके मंच पर नहीं जाने और दिए गए बयान ने भाजपा के इस कार्यक्रम को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है।
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक — विक्रम सिंह तोमर







