बेटियों को सिखाए सुरक्षा के गुर, 1930 और 112 की दी जानकारी
उमंग दिवस पर स्कूलों में पहुंची गुना पुलिस, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो और साइबर अपराध पर किया जागरूक
गुना | द्वारका न्यूज़ | 22 सितंबर 2026
प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
गुना। उमंग दिवस पर गुना पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों में छात्राओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में छात्राओं को निर्भीक होकर चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।
बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार ने टीम के साथ हायर सेकेंडरी स्कूल, कन्या शाला और द प्रिंस स्कूल में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की जानकारी दी। छात्राओं से कहा गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार पर चुप न रहें और तत्काल परिवार, शिक्षक या पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के लिए OTP, पासवर्ड और निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक से बचने की सलाह दी। आपात स्थिति में डायल-112 और ऑनलाइन ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत करने की जानकारी दी गई।
जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने बेटियों को जागरूक, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।







