डीआईजी आसित यादव ने किया गुना पुलिस का वार्षिक निरीक्षण
परेड से लेकर थानों तक व्यवस्थाओं की समीक्षा, ई-प्रबंध, कवच और क्वार्टर मैनेजमेंट एप का शुभारंभ
गुना | द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 29 सितंबर 2026
गुना पुलिस की कार्यप्रणाली, अनुशासन और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे डीआईजी ग्वालियर रेंज डॉ. आसित यादव ने वार्षिक निरीक्षण के दौरान लाल परेड मैदान में पुलिस परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि पुलिस जिम, कैंटीन और अन्य वेलफेयर व्यवस्थाओं का भी जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिसिंग में तकनीक का नया अध्याय
डीआईजी ने गुना पुलिस द्वारा तैयार किए गए ई-प्रबंध, कवच और क्वार्टर मैनेजमेंट एप का शुभारंभ किया। ई-प्रबंध के जरिए ऑनलाइन ड्यूटी और कर्मचारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन, कवच से पुलिस पेट्रोलिंग एवं गश्त की मॉनिटरिंग तथा क्वार्टर मैनेजमेंट एप से शासकीय आवासों का डिजिटल आवंटन किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन तकनीकी पहलों से कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने में मदद मिलेगी।
‘कॉप ऑफ द मंथ’ और ‘उत्कृष्ट थाना’ सम्मान
उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने के लिए सउनि मेहरबान सिंह रघुवंशी को ‘कॉप ऑफ द मंथ’ सम्मान दिया गया। वहीं बेहतर पुलिसिंग, अपराधों के निराकरण, शिकायतों के समाधान और माल निकाल सहित विभिन्न कार्यों में प्रदर्शन के आधार पर मधुसूदनगढ़ थाना को ‘उत्कृष्ट थाना’ चुना गया। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे को सम्मानित किया गया।
सैनिक सम्मेलन में सुनीं पुलिसकर्मियों की समस्याएं
पुलिस लाइन में आयोजित सैनिक सम्मेलन में डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
राघौगढ़ जनसंवाद में आमजन से सीधा संवाद
वार्षिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी आसित यादव ने राघौगढ़ के आईटीआई मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आम नागरिकों की शिकायतें और सुझाव सुने। जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के माध्यम से निराकरण कराया गया।
केंट और राघौगढ़ थाने का निरीक्षण
डीआईजी ने 28 सितंबर की रात केंट थाना तथा 29 सितंबर को राघौगढ़ थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख, थाना भवन, शस्त्रागार, हवालात और लंबित पुलिस कार्यों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल, एएसपी प्रशांत सिंह सुमन सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी इस दौरान मौजूद रहे।







