भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ में कुर्सी पर संग्राम!
द्वारका न्यूज़ | जनता की आवाज
प्रधान संपादक — विक्रम सिंह तोमर
मंच पर समर्थक को जगह नहीं मिली तो तैश में आईं विधायक प्रियंका मीणा, नेताओं में तीखी नोकझोंक; जिलाध्यक्ष समेत कई नेता जमीन पर बैठे
बीनागंज/गुना। भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के कार्यक्रम में बुधवार को उस समय पार्टी की अंदरूनी खींचतान सामने आ गई, जब मंच पर बैठने की व्यवस्था को लेकर चाचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा और स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि मंच पर ही नेताओं के बीच तीखी बहस होने लगी और कुछ देर बाद भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार व जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ अपनी कुर्सियां छोड़कर जमीन पर जाकर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार, विधायक प्रियंका मीणा अपने समर्थक एवं बीनागंज मंडल अध्यक्ष को मंच पर कुर्सी नहीं मिलने से नाराज हो गईं। इसी बात को लेकर उनकी भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह (निक्की) से मंच पर तीखी नोकझोंक हुई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के अनुसार, विवाद के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
कुर्सियां छोड़ जमीन पर बैठे नेता
मंच पर बढ़ते विवाद के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार और जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ नीचे जमीन पर जाकर बैठ गए। इसके बाद विधायक प्रियंका मीणा सहित कुछ अन्य नेता और कार्यकर्ता भी नीचे बैठ गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
भाजपा की अंदरूनी कलह फिर आई सामने
कार्यक्रम में हुआ यह घटनाक्रम पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो के बाद मामले की शिकायत प्रदेश भाजपा नेतृत्व तक भी पहुंच गई है। अब देखना होगा कि प्रदेश संगठन इस विवाद को लेकर क्या रुख अपनाता है।







