फ्रंट पेज | उज्जैन
🚨 CCTV में ‘अपहरण’, कुछ घंटे बाद VIDEO ने बदली कहानी!
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 30 सितंबर 20 26
19 वर्षीय कशिश खान बोलीं—“अपनी मर्जी से गई हूं, हमारा अपहरण नहीं हुआ”; पुलिस जांच में जुटी
उज्जैन। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के लालबाई-फूलबाई इलाके में मंगलवार रात 19 वर्षीय युवती कशिश खान को कथित तौर पर बिना नंबर की काली कार में ले जाने के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। परिवार की शिकायत और सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की थी।
बताया गया कि रात करीब 8 से 9 बजे के बीच युवती घर के बाहर थी। इसी दौरान कार सवार युवकों ने उसे कथित तौर पर कार में बैठा लिया। परिजनों द्वारा रोकने का प्रयास भी किया गया। घटनाक्रम CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कार और आरोपियों की तलाश शुरू की।
VIDEO सामने आया तो बदली कहानी
मामले में कुछ ही घंटे बाद युवती और युवक ध्रुव कुमावत का वीडियो सामने आया। वीडियो में युवती ने दावा किया कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई है और उसका अपहरण नहीं हुआ। दोनों ने शादी करने की बात भी कही और परिवार से दबाव नहीं बनाने की अपील की। युवक ने भी दोनों के लंबे समय से संपर्क में होने का दावा किया।
पुलिस बोली—बयान के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
वीडियो सामने आने के बावजूद पुलिस ने दर्ज अपहरण प्रकरण की जांच जारी रखी है। पुलिस CCTV फुटेज, सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रही है। युवती की बरामदगी और उसके औपचारिक बयान के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटनाक्रम वास्तव में किस प्रकार हुआ था।
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक — विक्रम सिंह तोमर







