दुष्कर्म के आरोपी को बमौरी पुलिस ने दबोचा, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जेल

पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, 13 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत
द्वारका न्यूज़ | गुना 21 अक्टूबर 2026
गुना। जिले में महिला अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बमौरी थाना पुलिस ने एक विवाहित महिला से दुष्कर्म के मामले में 39 वर्षीय आरोपी विजय धाकड़ को गिरफ्तार किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को 35 वर्षीय विवाहित महिला ने ग्राम विशनवाड़ा निवासी विजय धाकड़ के खिलाफ जबरदस्ती दुष्कर्म करने और पति व बच्चों को जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर बमौरी थाने में अपराध क्रमांक 231/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m), 331(4) और 351(3) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय पुत्र मोहन सिंह धाकड़, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम विशनवाड़ा, थाना बमौरी, जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी गुना हेमंत पाण्डेय के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई में बमौरी थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मंडेलिया, उपनिरीक्षक मोकम सिंह भिलाला, प्रधान आरक्षक बालस्वरूप धाकड़ तथा आरक्षक रवि गुर्जर, पुष्पेन्द्र सिंह, मनोज धाकड़, महेन्द्र सिंह पटेलिया और गुलाब सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








