- चंदेरी में धर्मांतरण कराने की साजिश
पुलिस ने दर्ज की दो युवतियों पर एफआईआरप्र
लोभन देकर परिवार को बरगलाने का आरोप
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और प्रलोभन देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर उसकी दो महिला रिश्तेदारों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मध्य प्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
चंदेरी थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक बुनकर कॉलोनी 42 वर्षीय अखिलेश पंथी ने पुलिस को बताया कि उसकी मौसी की लड़की मिनी कोली और मामा की लड़की रक्षा पूर्व में ही ईसाई धर्म अपना चुकी थीं। पिछले करीब 7-8 महीनों से ये दोनों युवतियां अखिलेश और उसके परिवार पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बना रही थीं। आरोपियों ने अखिलेश की पत्नी और बच्चों को मोबाइल मीटिंग के माध्यम से जोड़ा और उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के बदले विभिन्न संस्थाओं से भारी पैसा और आर्थिक लाभ दिलाने का लालच दिया।
इस प्रलोभन और लगातार दबाव के कारण अखिलेश की पत्नी और उसके दो नाबालिग बच्चों ने हिंदू धर्म की मान्यताओं को छोड़कर ईसाई मत को मानना शुरू कर दिया, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद और गृह क्लेश की स्थिति निर्मित होने लगी। अखिलेश की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए चंदेरी पुलिस ने आरोपी मिनी कोली, रक्षा कोली और अन्य के विरुद्ध मध्यप्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।









