77वें गणतंत्र दिवस पर लाल परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में खाद्य मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने फहराया ध्वज
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना 26 जनवरी 2026
प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जिला गुना श्री गोविन्द सिंह राजपूत के मुख्यातिथ्य में आज 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय तरीके से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यकम एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में लाल परेड मैदान में आयोजित किया गया।
26 जनवरी 2026 के अवसर पर आज मंत्री श्री राजपूत द्वारा सर्वप्रथम राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर परेड का नेतृत्व करने वाले प्लाटून एवं दल प्रभारी से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के नाम मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया। इसके पश्चात उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को शाल-श्रीफल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
इस दौरान रक्षित निरीक्षक श्रीमति पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस, एसएएफ, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट, रेडक्रॉस, शौर्य दल सहित कुल 13 प्लाटून द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी गई। इसके उपरांत विभिन्न थीम पर आधारित विभिन्न विभागों की ओर से चलित झांकियां जिनमें- जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, पशु पालन विभाग, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग,महिला बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यानिकी विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग, जल निगम, शिक्षा विभाग तथा मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, पुलिस विभाग द्वारा चलित झांकिया निकाली गईं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूली विद्यालयों द्वारा रंगारंग सांस्कृति प्रस्तुतियां दी गईं। विभिन्न उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान आकर्षक मार्च पास्ट, चलित झांकियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए मुख्य अतिथि की उपस्थिति में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरूस्कार प्रदान किये गये। जिनमें मार्च पास्ट के लिए सशस्त्र बल में प्रथम पुरूस्कार 26वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, द्वितीय पुरूस्कार जिला पुलिस बल (महिला) एवं तृतीय पुरूस्कार जिला पुलिस बल (पुरूष) को प्रदान किया गया।
नॉन आर्म्ड सीनियर में प्रथम पुरूस्कार एनसीसी सीनियर विंग-गर्ल्स (पीजी कॉलेज गुना) तथा द्वितीय पुरूस्कार एनसीसी सीनियर डिवीजन (पीजी कॉलेज गुना) को प्रदान किया गया। नॉन आर्म्ड जूनियर में प्रथम पुरूस्कार शौर्यदल, द्वितीय पुरूस्कार संयुक्त रूप से एनसीसी जूनियर डिवीजन (उत्कृष्ट उमावि गुना) तथा रेडक्रॉस दल तथा तृतीय पुरूस्कार गाइड दल (कन्या स्कूल कैंट) को प्रदान किया गया।
चलित झांकियों में प्राकृतिक खेती एवं नरवाई प्रबंधन से समृद्ध किसान थीम पर आधारित किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग को प्रथम पुरूस्कार,उद्यानिकी से समृद्ध हो रहा है किसान थीम पर आधारित उद्यानिकी विभाग को द्वितीय पुरूस्कार तथा सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति जागरूकता थीम पर आधारित पुलिस विभाग को तृतीय पुरूस्कार से सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्राईस्ट सीनियर सेकण्डरी स्कूल गुना को प्रथम, शासकीय कन्या उमावि (एमएलबी) गुना को द्वितीय तथा प्रेसीडेंसी हायर सेकण्डरी स्कूल गुना को तृतीय पुरूस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के तहत 08 हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन किट प्रदान की गई।
आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री पन्नालाल शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी, श्री अंकुर श्रीवास्तव अन्य जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन सहित विभिन्न जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे। आज कार्यक्रम का संचालन एवं उद्घोषणा सीएम राइज प्राचार्य श्री आशीष टांटिया एवं आकाशवाणी उद्घोषक श्रीमति रेखा श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
इसके उपरांत मंत्री श्री राजपूत द्वारा ग्राम पंचायत विनायकखेडी़ के एकीकृत कैंपस शासकीय प्राथमिक विद्यालय आंगनबाड़ी के परिसर में भारत माता एवं माता सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके उपरांत कन्याओं को तिलक लगाकर सामूहिक रूप से बच्चों के साथ भोजन किया।









