संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी 28 फरवरी से 1 मार्च तक मानस भवन, गुना में
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
पाॅलीहाउस गुलाब होंगे मुख्य आकर्षण का केंद्र
गुना जिले में 28 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन मानस भवन, गुना में किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में विशेष रूप से पाॅलीहाउस में उत्पादित उत्कृष्ट एवं अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के गुलाब मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
यह आयोजन उद्यानिकी विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने जिलेवासियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहरी सौंदर्य, हरित संस्कृति एवं उद्यानिकी उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
प्रदर्शनी में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत पुष्पों को पुरस्कृत किया जाएगा—
🔹 गमला श्रेणी
🔹 एकल पुष्प (कट फ्लावर श्रेणी)
🔹 व्यावसायिक कट फ्लावर श्रेणी (20 पुष्प)
इन सभी श्रेणियों को तीन वर्गों में विभाजित किया गया है—
व्यक्तिगत
संस्थागत
व्यवसायिक
उपसंचालक उद्यान, जिला गुना श्री केपीएस किरार ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने टेरेस गार्डन, किचन गार्डन अथवा उद्यान में विकसित उत्कृष्ट पुष्पों को कम से कम आधा फीट से एक फीट लंबी डंडी सहित अथवा संपूर्ण गमले के साथ प्रदर्शनी में प्रातः 11:00 बजे तक प्रस्तुत करें। संस्थाएं, विद्यालय, सामाजिक संगठन एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी अपने आकर्षक प्रादर्श प्रदर्शनी में सम्मिलित कर सकते हैं।
प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रविष्टियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उद्यानिकी विशेषज्ञों द्वारा शहरी बागवानी, पाॅलीहाउस तकनीक एवं पुष्प उत्पादन संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी—
28 फरवरी को सायं 4:00 बजे से
1 मार्च को प्रातः से संपूर्ण दिवस तक
शहरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर विविध रंगों एवं सुगंध से सुसज्जित पुष्पों का आनंद लें तथा स्थानीय उत्पादकों का उत्साहवर्धन करें।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी में बढ़-चढ़कर भाग लेकर इसे एक ऐतिहासिक एवं यादगार आयोजन बनाएं।









