बीनागंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिये मावा एवं मिठाई के सैम्पल
चीफ एडिटर :विक्रम सिंह तोमर
गुना 13 मार्च 2025
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं डॉ० राजकुमार ऋषिश्वर अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला गुना के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की निरंतर जाँच एवं सैंपलिंग की कार्यवाही की जा रही है। होली त्यौहार के दृष्टिगत रखते हुये बाजार में मावा एवं मिठाई की शुद्धता की जांच के लिये खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैम्पलिंग कार्यवाही कर रही है l
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बीनागंज में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान मिष्ठान भण्डार संचालकों को अपने-अपने प्रतिष्ठान में साफ-सफाई रखने, शुद्ध एवं ताजा मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री विक्रय करने के लिये निर्देश दिये गये। विभाग की टीम द्वारा बीनागंज स्थित श्री कृष्णा मिष्ठान भण्डार से मावा एवं बर्फी, अरविन्द स्वीट्स से मावा एवं बर्फी, पवन जोधपुर मिष्ठान भण्डार से रतलामी सेव, मावा बर्फी एवं मिल्क केक, फर्म प्यारेलाल घीसालाल से रवा एवं सूजी के सैंपल जांच के लिये लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को भेजे गये हैं जिनकी रिपोर्ट आने पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
कलेक्टर श्री कन्याल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं सैम्पलिंग कार्यवाही निरंतर आगे भी जारी रहेगी









