TET के विरोध में सड़कों पर उतरे शिक्षक: 30 साल से सेवा दे रहे शिक्षकों से परीक्षा लेना बताया अन्यायपूर्ण
📍 गुना | 8 अप्रैल 2026
✍️ विक्रम सिंह तोमर, द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

मध्य प्रदेश के गुना जिले में शिक्षकों का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर साफ नजर आया, जब बड़ी संख्या में शिक्षक TET परीक्षा के विरोध में रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों ने इस परीक्षा को अनैतिक और अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
मध्य प्रदेश अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा, जिला इकाई गुना के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में जिलेभर से शिक्षक शामिल हुए। हाथों में बैनर और नारेबाजी के साथ शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का कहना था कि कई शिक्षक पिछले 20 से 30 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में उनसे दोबारा पात्रता परीक्षा (TET) दिलाना उनके अनुभव और सेवा का अपमान है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस फैसले को तत्काल वापस लिया जाए।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां शिक्षकों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से प्रशासन को अवगत कराया। प्रदर्शन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
👉 शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।








