टीका समारोह बना रणभूमि: डांस के विवाद में कुल्हाड़ी-डंडों से हमला, तीन भाई घायल
📍 गुना | 8 अप्रैल 2026
✍️ विक्रम सिंह तोमर, द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मानपुर में एक मांगलिक कार्यक्रम उस वक्त हिंसक झड़प में बदल गया, जब डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस घटना में तीन सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी विजय अहिरवार गांव में आयोजित ज्ञानसिंह के टीका कार्यक्रम में डांस कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही रामसिंह और गोलू जाटव ने डांस को लेकर विवाद खड़ा करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब विजय ने विरोध किया, तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया।
हमले के दौरान विजय के सिर पर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई सोनू और गब्बर को भी आरोपियों ने डंडों से बेरहमी से पीटा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। आरोपी घटना के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूचना मिलते ही 112 सेवा मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में रामसिंह, गोलू, चरण और सखी जाटव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।









