गुनिया नदी के कायाकल्प की तैयारी: कलेक्टर ने पैदल निरीक्षण कर बनाई रणनीति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुनिया नदी के कायाकल्प की तैयारी: कलेक्टर ने पैदल निरीक्षण कर बनाई रणनीति

द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

गुना, 12 अप्रैल 2026

जिले में जल संरक्षण को सुदृढ़ करने एवं वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, नगर पालिका CMO सुश्री मंजूषा खत्री एसडीएम मैडम शिवानी पांडे,ने गुनिया नदी मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत शीतला माता मंदिर से की गई, जहां से उन्होंने लगभग 2.5 किलोमीटर तक पैदल चलकर नदी के प्रवाह मार्ग का सूक्ष्म अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नदी के प्रवाह, मार्ग में अवरोधों एवं जल निकासी व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। साथ ही नदी किनारे स्थित अन्य जल स्रोतों का भी निरीक्षण कर तकनीकी दलों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। हाई फ्लड लेवल (HFL) क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का भी बारीकी से आकलन किया गया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित 7.6 एमएलडी क्षमता के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। यहां प्राइमरी स्क्रीनिंग, ग्रिट रिमूवल, बैच रिएक्टर तकनीक एवं अल्ट्रावायलेट किरणों के माध्यम से सीवर के गंदे पानी का शोधन किया जा रहा है। कलेक्टर ने मौके पर ही ट्रीटेड वॉटर की गुणवत्ता का अवलोकन किया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि इस पैदल निरीक्षण का उद्देश्य गुनिया नदी में आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं की वास्तविक स्थिति को समझना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं आमजन के सहयोग से पिछले 2-3 सप्ताह में किए गए कार्यों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। नदी के चौड़ीकरण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जहां पहले 8 फीट चौड़ा क्षेत्र अब 30 से 40 फीट तक विस्तारित किया जा चुका है। शेष लगभग ढाई किलोमीटर क्षेत्र का कार्य आगामी सप्ताह में पूर्ण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में भी सुधार की व्यापक संभावनाएं हैं। यहां से प्राप्त ट्रीटेड वॉटर का उपयोग भुजरिया क्षेत्र के सौंदर्यीकरण में करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जा रहा है, ताकि राज्य शासन से ‘नमामि गंगे’ योजना के अंतर्गत आवश्यक राशि प्राप्त की जा सके।

कलेक्टर ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत नदी किनारे वॉकिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, गार्डन एवं सिटिंग अरेंजमेंट विकसित किए जाएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से इस सामूहिक कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है, जिसे मिलकर सफल बनाना आवश्यक है। आज निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे, सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें