गुना जज्जी बस स्टैंड पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान: द्वारका न्यूज़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जज्जी बस स्टैंड पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त कार्रवाई, 8 वाहनों पर 7 हजार का जुर्माना

गुना, 13 मई 2026।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जज्जी बस स्टैंड परिसर में यातायात पुलिस एवं नगर पालिका द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एवं डिप्टी कलेक्टर व प्रभारी नगर पालिका सीएमओ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक के पर्यवेक्षण में की गई।

यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं नगर पालिका अमले ने जज्जी बस स्टैंड परिसर में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुछ लोगों द्वारा सड़क किनारे गुमटी लगाकर राहगीरों के लिए पेयजल प्याऊ संचालित किया जा रहा था। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नगर पालिका द्वारा संबंधित लोगों को गुमटी हटाने के लिए निर्धारित समयावधि तक की मोहलत दी गई है। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद उक्त अतिक्रमण भी हटाया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ओल्ड एबी रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा।

इसके बाद यातायात पुलिस द्वारा मारुति शोरूम के समीप मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े होकर ईंट व्यवसाय कर रहे 4 ट्रैक्टर चालकों को समझाइश दी गई कि भविष्य में मुख्य सड़क पर वाहन खड़े कर व्यापार न करें। समझाइश के उपरांत संबंधित वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वहीं, बीच सड़क पर सवारी बैठा रही एक यात्री बस के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई। संपूर्ण अभियान के दौरान कुल 8 वाहनों पर 7 हजार रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया गया।

पुलिस एवं नगर पालिका प्रशासन ने कहा है कि यातायात नियमों के पालन एवं शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की विशेष जांच एवं कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें