पुलिस परिवार के बच्चों के लिए “ब्राइटल माइंड कार्यक्रम” शुरू
द्वारका न्यूज़
दिशा लर्निंग सेंटर में मानसिक, बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास की विशेष गतिविधियां
गुना, 16 मई 2026। पुलिस परिवार के बच्चों के सर्वांगीण विकास और सकारात्मक वातावरण निर्माण के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित दिशा लर्निंग सेंटर में “ब्राइटल माइंड कार्यक्रम” का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम में बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में 14 मई 2026 से यह कार्यक्रम शुरू किया गया है।
पुलिस लाइन के लाल परेड ग्राउंड स्थित दिशा लर्निंग सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों को विभिन्न रचनात्मक और प्रेरणादायी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। बच्चों को खेल गतिविधियों एवं अभ्यासों के माध्यम से आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ग्रुप एक्टिविटी, ब्रेन एक्सरसाइज, डांस, ब्रीदिंग एक्सरसाइज, आई एक्सरसाइज और अल्फा म्यूजिक रिलेक्सेशन जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों से बच्चों की स्मरण शक्ति, कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता एवं ध्यान केंद्रित करने की क्षमता विकसित हो रही है।
पुलिस विभाग के अनुसार यह कोर्स बच्चों के मानसिक विकास के साथ-साथ उनके पर्सनालिटी डेवलपमेंट और रिस्पॉन्सिवनेस बढ़ाने में भी प्रभावी साबित हो रहा है। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7 बजे तक दिशा लर्निंग सेंटर में आयोजित किया जाएगा।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









