भैंसाना में 15 साल बाद होगा विराट श्रीराम महायज्ञ, 200 बीघा में बसाया अस्थायी नगर
श्रद्धालुओं का उमड़ेगा जनसेलाब
18 मई 2026
गुना। जिले के भैंसाना गांव में 15 वर्षों बाद एक बार फिर भव्य श्रीराम महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। इस विशाल धार्मिक आयोजन के लिए खेतों के बीच लगभग 200 बीघा भूमि पर अस्थायी नगर बसाया गया है, जहां श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और पूजा-अर्चना की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
महायज्ञ में करीब 225 क्विंटल हवन सामग्री की आहुति दी जाएगी। आयोजन को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी उत्साह का माहौल है। आयोजकों के अनुसार इस बार कार्यक्रम को मिनी महाकुंभ के स्वरूप में तैयार किया गया है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
विशेष बात यह है कि फिल्म अभिनेता आशुतोष राना और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी महायज्ञ में शामिल होने पहुंचेंगे।
इसके साथ ही गांव के हनुमान मंदिर परिसर में सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण का विशेष धार्मिक आयोजन भी किया जाएगा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस पुण्य आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीयन करा रहे हैं।
पूरे क्षेत्र को आकर्षक धार्मिक सजावट, स्वागत द्वार और साधु-संतों के शिविरों से सजाया गया है। आयोजन समिति का दावा है कि यह महायज्ञ जिले के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक साबित होगा।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









