गुना पुलिस का नशे के खिलाफ लगातार प्रहार, तीन थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई
मृगवास, मधुसूदनगढ़ और जामनेर पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा
साढ़े चार किलो गांजा, गांजे के पौधे और बाइक जब्त
गुना, 22 मई। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ गुना पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में मृगवास, मधुसूदनगढ़ और जामनेर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और अवैध खेती में संलिप्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े चार किलो गांजा, गांजे के 15 हरे पौधे तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2.20 लाख रुपए बताई गई है।
मृगवास थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए पीपलखेड़ी तालाब के पास घेराबंदी कर तेजकरण मीना निवासी डोंगर को पकड़ा। आरोपी के पास से 1.233 किलो गांजा और अपाचे बाइक बरामद हुई।
वहीं मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम तोरई रोड पर कार्रवाई करते हुए गोपाल यादव को 1.115 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में जामनेर थाना पुलिस ने ग्राम केरगढ़ में दबिश देकर करण सिंह भील के कब्जे से गांजे के 15 हरे पौधे जब्त किए।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









