भारतीय वायुसेना की शान ‘सूर्यकिरण’ के 30 साल पूरे, बीदर एयरबेस में होगा भव्य समारोह
द्वारका न्यूज़ 25 05.2026
कर्नाटक के बीदर एयरफोर्स स्टेशन में भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम 26 मई को अपने गौरवशाली 30 वर्ष पूरे करने जा रही है। इस अवसर पर वायुसेना द्वारा विशेष समारोह और एयर शो का आयोजन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह भी शामिल हो सकते हैं।

सूर्यकिरण टीम भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का प्रतीक मानी जाती है। टीम ने पिछले तीन दशकों में देश और विदेश में 800 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर करोड़ों लोगों को अपनी अद्भुत हवाई कलाबाजियों से प्रभावित किया है।
इस एरोबेटिक टीम की स्थापना 27 मई 1996 को बीदर एयरबेस में की गई थी। शुरुआती दौर में टीम ने किरण मार्क-2 विमानों के साथ उड़ान भरना शुरू किया था। सितंबर 1996 में कोयंबटूर में टीम ने अपना पहला सार्वजनिक प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। बाद में वर्ष 2006 में इसे औपचारिक रूप से 52 स्क्वाड्रन “शार्क्स” के रूप में पहचान मिली।
वर्ष 2015 में टीम को आधुनिक हॉक मार्क-132 विमान मिले, जिनसे इसकी प्रदर्शन क्षमता और अधिक मजबूत हुई। इन अत्याधुनिक विमानों की मदद से सूर्यकिरण टीम अब और अधिक सटीक एवं जटिल हवाई करतब दिखाने में सक्षम हो गई है।
आज सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम विश्व की चुनिंदा बेहतरीन हवाई प्रदर्शन टीमों में गिनी जाती है और भारतीय वायुसेना की ताकत का वैश्विक मंच पर प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही है।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









