- नशे के खिलाफ गुना पुलिस का बड़ा अभियान, दो तस्कर गिरफ्तार
5.639 किलो गांजा और बाइक सहित 3.58 लाख का मशरूका जप्त
गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में मृगवास एवं चांचौड़ा थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.639 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 3.58 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में दोनों कार्रवाईयों को अंजाम दिया गया।
मृगवास थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मृगवास थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर सानई की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सानई-तलबाड़ा रोड पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी संतोष मीना निवासी मुसरैली को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.142 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का गांजा एवं एक लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
चांचौड़ा थाना पुलिस ने भी पकड़ा गांजा तस्कर
इसी क्रम में चांचौड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली कि टेकरी मोहल्ला निवासी जगदीश उर्फ जग्गू ढीमर गांजा बेचने की फिराक में बैठा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके बैग से 639 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









