ईद पर्व को लेकर गुना पुलिस अलर्ट, शहर में निकाला फ्लैग मार्च
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता महेंद्र महेश्वरी
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
गुना। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुना पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक हितिका वासल एवं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर संयुक्त पैदल मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च गुना कोतवाली से प्रारंभ होकर सदर बाजार, निचला बाजार, हाट रोड, कर्नलगंज, प्रताप छात्रावास रोड, शांति पब्लिक स्कूल रोड होते हुए पुनः हाट रोड से हनुमान चौराहा पहुंचकर समाप्त हुआ। मार्च के दौरान पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि गुना पुलिस और प्रशासन हर परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पैदल मार्च के दौरान बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।









