दिग्विजय सिंह की सीट पर कांग्रेस का बड़ा दांव, मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा टिकट
भोपाल, 4 जून। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने अपनी दो सीटों के लिए तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को मैदान में उतारा है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी सूची में देशभर की 11 राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। मध्य प्रदेश से भाजपा ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं कांग्रेस ने पांच राज्यों की सात सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन को मौका दिया है। मीनाक्षी नटराजन मंदसौर लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद रह चुकी हैं और उन्हें कांग्रेस नेतृत्व का भरोसेमंद चेहरा माना जाता है।
यह सीट वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद रिक्त हो रही है। दिग्विजय सिंह द्वारा तीसरी बार राज्यसभा जाने से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस ने नए चेहरे पर दांव लगाया है।
राज्यसभा की 26 सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। चुनाव परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाने की संभावना है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
✍️ द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक: विक्रम सिंह तोमर








