नियमितीकरण सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना। नियमितीकरण सहित विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार जारी है। प्रांतीय आह्वान पर प्रदेशभर में चल रहे आंदोलन के तहत गुना जिले में हड़ताल का आठवां दिन रहा।
इस दौरान संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वेदमाता गायत्री की पूजा-अर्चना कर दीप यज्ञ आयोजित किया तथा अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
संघ के जिला अध्यक्ष राजेश भार्गव ने बताया कि प्रदेश के लगभग 32 हजार संविदा कर्मचारी नियमितीकरण सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। प्रमुख मांगों में एनपीएस सुविधा, बीमा लाभ, अन्य राज्यों की तर्ज पर 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि, नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता, अवकाश सुविधा, समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण तथा पीबीआई मर्ज करने की मांग शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों ने शोषणकारी अप्रेजल प्रणाली को तत्काल समाप्त करने की भी मांग उठाई।
कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के जिला पदाधिकारी एवं संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
✍️ द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
गुना









