पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में महिला आरक्षक ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना। शहर की पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में मंगलवार को एक महिला आरक्षक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। कोतवाली थाने में पदस्थ 25 वर्षीय महिला आरक्षक निशा शर्मा का शव उनके सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार आरक्षक निशा शर्मा पुलिस लाइन के सरकारी आवास में अकेली रहती थीं। मंगलवार सुबह उनके आवास का दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। घर पर काम करने वाली महिला ने भी कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दोपहर तक स्थिति जस की तस रहने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। अंदर कमरे में महिला आरक्षक का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निशा शर्मा मूलतः अशोकनगर जिले की निवासी थीं। वह दो दिन की छुट्टी पर अपने गृह नगर गई थीं और सोमवार शाम को ही गुना लौटी थीं। अगले ही दिन उनकी मौत की खबर सामने आने से परिजन और सहकर्मी स्तब्ध हैं।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।उपशीर्षक:
सोमवार शाम छुट्टी से लौटी थीं आरक्षक निशा शर्मा, अगले दिन क्वार्टर में मिला शव









