डी-सीआरजी समिति की बैठक संपन्न, एचआईवी/ एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया गया विशेष जोर
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
- जिला संवाददाता सचिन पांडे
कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक, भेदभाव रहित समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
गुना 09 अप्रैल 2025
जिले में एचआईवी/एड्स के संबंध में जागरूकता एवं भेदभाव-मुक्त वातावरण निर्माण हेतु आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय डी-सीआरजी (District Community Resource Group) समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने की, जिसमें विभिन्न विभागों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता शिविरों का आयोजन कर लोगों को सही जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि “एचआईवी कोई छूने से फैलने वाली बीमारी नहीं है। इससे जुड़े मिथकों को दूर करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।”
कलेक्टर श्री कन्याल ने सुझाव दिया कि जनसुनवाई जैसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी जागरूकता स्टॉल लगाए जाएं ताकि आम नागरिकों तक सीधे संवाद के माध्यम से सही जानकारी पहुँचे। इसके साथ ही उन्होंने प्रचार-प्रसार की गतिविधियाँ और सघन करने के निर्देश दिए तथा समिति की मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने एचआईवी संक्रमण के चार प्रमुख कारणों – संक्रमित रक्त चढ़ाना, संक्रमित सुई-सिरिंज का साझा प्रयोग, असुरक्षित यौन संबंध तथा संक्रमित मां से शिशु में संक्रमण – की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने कहा कि “समुचित जानकारी और सतर्कता ही संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।”
इस अवसर पर जिला क्षय अधिकारी डॉ. अमित श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री केशव झा (टीआई) सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में एचआईवी/ एड्स को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए मिलकर कार्य करेंगे, ताकि एक समावेशी और संवेदनशील समाज का निर्माण संभव हो सके।
स.क्र. 73/574/04/2025 फोटो 9 एवं 10









