रिसेप्शन में मेहमान बनकर करते थे वारदात, गहना चोरी गिरोह का पर्दाफाश; 3 आरोपी गिरफ्तार
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक राम सिंह तोमर
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में शादी के रिसेप्शन समारोह के दौरान हुई हाई-प्रोफाइल गहना चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये की नकदी और कीमती गहने भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 जून की रात टाउन थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर क्लब में आयोजित एक शादी रिसेप्शन के दौरान आरोपियों ने नकदी और गहनों से भरा बैग चोरी कर लिया था। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए राजेश कुमार साह ने चोरी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद अमित कुमार और गोपाल साह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शादी और रिसेप्शन जैसे आयोजनों में मेहमान बनकर शामिल होते थे और बिना निगरानी वाले बैगों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद गहनों को स्थानीय बाजार में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.60 लाख रुपये नकद, सोने के 15 गहने, हीरे के दो और चांदी के दो गहने बरामद किए हैं। अब तक लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए गहने बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करने वालों की तलाश में जुटी है।







