यूरिया खाद की किल्लत पर कांग्रेस का कलेक्टर को ज्ञापन, किसानों को तत्काल राहत देने की मांग
द्वारका न्यूज़ राष्ट्रीय समाचार
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
7 जुलाई 2026
गुना
लिंकिंग व्यवस्था खत्म करने, 50 बैग की सीमा हटाने और ई-टोकन प्रणाली में सुधार की उठाई मांग
गुना, 7 जुलाई। जिले में यूरिया खाद की लगातार बनी हुई कमी को लेकर किसान कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों को तत्काल राहत दिलाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में मक्का एवं धान की बुवाई पूरी हो चुकी है और अब फसलों में यूरिया डालने का समय है, लेकिन किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने से फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ई-टोकन प्रणाली की जटिलता और अव्यावहारिक नियमों के कारण किसान खाद लेने के लिए परेशान हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
यूरिया खाद के साथ फॉस्फेटिक उर्वरक लेने की अनिवार्यता (लिंकिंग) तत्काल समाप्त की जाए।

एक बार में केवल 50 बैग यूरिया देने की सीमा हटाकर किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए।
जिले के किस वितरण केंद्र पर कितनी मात्रा में यूरिया उपलब्ध है, इसकी नियमित सार्वजनिक जानकारी दी जाए।
ई-टोकन बुकिंग में आ रही तकनीकी समस्याओं की जांच कर ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा किसानों से अधिक राशि वसूलने वालों पर कार्रवाई की जाए।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को वितरित किए गए बीजों की जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा यदि वितरण में गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।






