दतिया में BJP में टिकट विवाद बना हिंसक, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का बवाल: NH-44 पर 11 घंटे जाम, DM-SP समेत कई अधिकारी घायल
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ | भोपाल/दतिया | 11 जुलाई 2026

मध्य प्रदेश के दतिया में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को विधानसभा उपचुनाव का टिकट नहीं मिलने के बाद शनिवार को हालात हिंसक हो गए। नाराज समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 11 घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रशासन की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने शनिवार तड़के करीब 4 बजे पुलिस बल पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन इसके बाद भी पथराव जारी रहा।
हिंसक झड़प में DM, SP मयूर खंडेलवाल, एडिशनल एसपी सहित छह से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने मध्य प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। टिकट वितरण को लेकर भाजपा के भीतर बढ़ते असंतोष और दतिया में हुई हिंसा अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।






