गुना न्यूज़ : पारधी समाज के उत्थान के लिए प्रशासन की बड़ी पहल, शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास से जुड़ेगा समाज
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक: विक्रम सिंह तोमर
गुना | 15 जुलाई 2026
गुना जिले में पारधी समाज को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। हड्डी क्षेत्र के जगनपुर चक में आयोजित विशेष चौपाल में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने समाज के लोगों से संवाद कर युवाओं को अपराध छोड़कर शिक्षा, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की राह अपनाने का संदेश दिया।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि पारधी समाज के बच्चों और युवाओं को शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यार्थियों का शैक्षणिक डाटा तैयार किया जा रहा है, ताकि उन्हें आईटीआई, उच्च शिक्षा, रोजगार मेलों और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को आईटीआई राघौगढ़ में रोजगार मेले का आयोजन होगा, जहां युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि समाज के सहयोग के बिना अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। इसी उद्देश्य से “नई दिशा समिति” का गठन किया गया है, जिसमें समाज के ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने महिलाओं से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और अपराध से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि यही समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
चौपाल में शिक्षा, आईटीआई, रोजगार एवं अन्य विभागों ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम शिवानी पांडेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पारधी समाज के लोग उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से पारधी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान लगातार जारी रहेगा।






