गुना में आउटर पर रुकी जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस बनी बदमाशों का निशाना, 5 यात्रियों से लाखों के गहने और दस्तावेज चोरी
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
16 जुलाई 2026
गुना | रुठियाई स्टेशन से पहले आउटर सिग्नल पर रुकी जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में अज्ञात बदमाशों ने खिड़कियों के रास्ते हाथ डालकर महिला यात्रियों के सोने के जेवर और एक युवक का महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बुधवार रात सिग्नल नहीं मिलने के कारण जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस रुठियाई स्टेशन से पहले आउटर पर रुकी हुई थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने अलग-अलग कोचों में वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महिला यात्रियों के सोने के झुमके, मंगलसूत्र और करीब दो तोले की चेन झपट ली। वहीं मध्य प्रदेश पुलिस बैंड भर्ती परीक्षा देने जा रहे एक युवक का बैग भी चोरी कर लिया, जिसमें एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, अंकसूचियां और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे।
पीड़ित यात्रियों के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.35 लाख रुपये आंकी गई है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों से जानकारी जुटाई। जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।






