गुना में मानव तस्करी और नशे पर बड़ा संदेश: सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय, कलेक्टर का भरोसा
विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर चांचौड़ा में जागरूकता शिविर, एसपी हितिका वासल बोलीं— “नशे की मांग खत्म होगी तो आपूर्ति भी रुक जाएगी”
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
31 जुलाई 2026
📰 द्वारका न्यूज़ | गुना

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर गुना जिले के चांचौड़ा में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से जनजागरूकता शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने नागरिकों से अपील की कि मानव तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना निडर होकर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि मानव तस्करी और नशा समाज के लिए गंभीर खतरा हैं। यदि समाज नशे की मांग खत्म कर दे, तो उसकी आपूर्ति भी स्वतः बंद हो जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपराधों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, हेलमेट के महत्व और साइबर अपराधों से बचाव पर भी जागरूक किया गया। कलेक्टर ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति की शपथ ली।





