गुना में युवक की संदिग्ध आत्महत्या: सुसाइड नोट में 5 करोड़ मुआवजे की मांग, कई लोगों पर प्रताड़ना का आरोप
गुना | द्वारका न्यूज़

मध्य प्रदेश के गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पानी की टंकी के पास पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हरवीर जाटव, निवासी ग्राम सुमेर (मगराना के पास) के रूप में हुई है।
परिजनों का दावा है कि मृतक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें 4–5 लोगों के नाम लिखकर उन्हें प्रताड़ना के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। नोट में परिवार को संबंधित लोगों से 5 करोड़ रुपये दिलाने और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग भी की गई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखे आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच और परिजनों के विस्तृत बयान के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।






