‘ डिप्टी CM सर, हमारी सड़क बनवा दो…’: देवास में छात्रों ने डिप्टी सीएम को घेरा, जर्जर सड़क और पुल की मांग बनी बड़ी खबर
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
7 अगस्त 2026

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को उस समय भावुक और अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब सोनकच्छ क्षेत्र के बीसाखेड़ी मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राएं अपनी वर्षों पुरानी सड़क की समस्या लेकर सीधे सर्किट हाउस पहुंच गए। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा से बच्चों ने हाथ जोड़कर कहा, “सर, हमारी सड़क बनवा दो… हमारी प्रॉब्लम सुनो।”
विद्यार्थियों ने बताया कि जलोदिया और ढाबला के बीच करीब 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क बदहाल है। बारिश में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे रोज स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। देर से पहुंचने पर शिक्षकों की डांट भी सुननी पड़ती है। छात्रों ने सड़क के साथ पुल निर्माण की भी मांग रखी और आरोप लगाया कि 181 हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद ग्राम सचिव उन्हें धमकाते हैं।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सड़क और पुल निर्माण का आश्वासन देते हुए मामले की जांच कराने की बात कही। वहीं, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर ने भी विद्यार्थियों से मुलाकात कर जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने का भरोसा दिया। बच्चों की यह पहल अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।





