गुना में नाले के तेज बहाव में बहा 20 वर्षीय युवक, दो दिन बाद नदी में मिला शव
द्वारका न्यूज़ |
प्रधान संपादक: विक्रम सिंह तोमर |
13 अगस्त 2026
मवेशी चराकर लौटते समय हुआ हादसा, मकरावदा के पास बरामद हुआ कल्ला धाकड़ का शव; परिवार में पसरा मातम

गुना। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम हनुमतपुरा में नाले के तेज बहाव में बहने से 20 वर्षीय युवक कल्ला धाकड़ की मौत हो गई। हादसे के दो दिन बाद उसका शव कैंट थाना क्षेत्र के मकरावदा (मैग्मा) के पास नदी में बरामद हुआ।
जानकारी के मुताबिक, कल्ला 11 अगस्त को मवेशी चराने घर से निकला था। शाम को लौटते समय उफनते नाले को पार करने के दौरान वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। 12 अगस्त को भी दिनभर खोजबीन जारी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बाद में मकरावदा के पास नदी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाया। गुरुवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।





