- जेल में उम्रकैद काट रहे प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला मोबाइल, 90 अश्लील वीडियो का दावा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
विशेष संवाददाता बेंगलुरु 14 अगस्त 2026

बेंगलुरु। दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की छापेमारी के दौरान उनकी बैरक से एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार्जर और पेन ड्राइव बरामद होने के बाद नया मामला दर्ज किया गया है।
कुछ रिपोर्टों के अनुसार, बरामद फोन की जांच में करीब 80 से 90 अश्लील वीडियो डाउनलोड होने की बात सामने आई है। साथ ही महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें और अखबारों की कटिंग मिलने का भी दावा किया गया है। इन डिजिटल सामग्रियों की जांच जारी है।
सबसे बड़ा सवाल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर है—कड़ी निगरानी वाले परिसर में प्रतिबंधित मोबाइल आखिर पहुंचा कैसे? घटना के बाद जेल अधिकारियों पर भी कार्रवाई शुरू की गई है। रेवन्ना को अगस्त 2025 में एक दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।





