गोविन्द गार्डन डकैती का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; लूट का माल बरामदगी की ओर
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
20 अगस्त 2026
गुना। गोविन्द गार्डन कॉलोनी में घर में घुसकर मारपीट करने और सोने का मंगलसूत्र व 10 हजार रुपये नकद लूटने की वारदात का कैंट थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने डकैती की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की रात गोविन्द गार्डन निवासी अविता कलावत के घर में अज्ञात बदमाश घुस आए थे। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट कर सोने का मंगलसूत्र और 10 हजार रुपये नकद लूट लिए। शिकायत पर कैंट थाने में अपराध क्रमांक 704/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी हितिका वासल के निर्देश पर पुलिस ने तेज की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र, तकनीकी संसाधनों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की।
लगातार कार्रवाई के बाद 19 अगस्त को पुलिस ने सत्येन्द्र उर्फ अजय जाटव (22), रंजीत वाल्मीकि (29) और राजा पारदी (18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में तीनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया तथा अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने लूटे गए सामान के संबंध में भी जानकारी दी है। फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अरुंधति राजावत सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गुना कोतवाली पुलिस की टीम ने भी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी में सहयोग किया।
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी, नकबजनी, डकैती और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा वारदातों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूटी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।









